एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर माननीय कुलपति जी की अध्यक्षता में NSS ने चलाया वृहद स्वच्छता ,प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान
बरेली,17 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं द्वारा एक वृहद ‘स्वच्छता अभियान’ और ‘प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं नेतृत्व एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवन कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया।
प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए श्रमदान :-
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के डी.एस.डब्ल्यू. (D.S.W.) कार्यालय के सामने छात्र कल्याण अधिष्ठाता था प्रोफेसर विनय ऋषिवाल जी के सानिध्य में हुआ। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों की विभिन्न टोलियों ने मुख्य प्रशासनिक भवन, पांचाल संग्रहालय, प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति विभाग के सामने स्थित पार्क और प्लेसमेंट सेल सहित परिसर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सघन सफाई अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ परिसर में जगह-जगह फैली प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य प्रकार के जैविक व अजैविक कचरे को एकत्रित कर कूड़ेदान में डाला तथा सभी को ‘प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण’ का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर और जागरूकता अभियान :-
स्वच्छता अभियान के उपरांत, सभी स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र का रुख किया, जहां रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा था। स्वयंसेवकों ने पूरे परिसर में घूमकर रक्तदान के महत्व पर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एनएसएस के कई स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान भी किया।
कुलपति महोदय ने साझा किए संस्मरण, बढ़ाया उत्साह :-
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एनएसएस स्वयंसेवकों से सीधा संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कुलपति जी ने अपने छात्र जीवन के प्रेरक संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी अपने कॉलेज के दिनों में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में एक एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय रूप से कार्य किया था। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उस दौरान उन्होंने ‘नशा मुक्ति अभियान’ में हिस्सा लिया था और कई लोगों को जागरूक कर उन्हें नशा छोड़ने में अहम मदद की थी। कुलपति महोदय के इन प्रेरक शब्दों ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक सरोकार के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस के स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शशांक गंगवार, शिवम गंगवार, आशुतोष, अर्पित, युवांश, आयुष गंगवार ,उज्जवल सिंह,परिणीता ,भाग्यश्रीऔर सिया मौर्य सहित भारी संख्या में अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

